शिव क्या हैं ?
“शिव” शब्द का अर्थ है ; कल्याण, मंगल, शुभता.
इस दृष्टि से शिव कोई देवता मात्र नहीं हैं, बल्कि अस्तित्व का परम कल्याणकारी सिद्धांत हैं. भारतीय दर्शन में शिव को परम चेतना (Pure Consciousness) माना गया है. शिव पुराण और लिंग पुराण में शिव को सृष्टि के मूल कारण के रूप में वर्णित किया गया है. चेतना और ऊर्जा का अद्वैत मिलन ही सृष्टि है.
पुराणों के अनुसार शिव को त्रिदेवों में “संहारकर्ता” कहा गया है, परंतु यह संहार विनाश नहीं, बल्कि रूपांतरण (Transformation) है.
त्रिदेव की अवधारणा में:
ब्रह्मा – सृष्टि
विष्णु – पालन
शिव – संहार और परिवर्तन
शिव का तांडव नृत्य सृष्टि और प्रलय की लयात्मक गति का प्रतीक है.
शिव जी के प्रतीक चिन्ह है...
त्रिनेत्र → भूत, वर्तमान, भविष्य का बोध
नीलकंठ → विष धारण कर भी संतुलन रखना
जटा से बहती गंगा → ज्ञान की धारा
चंद्रमा → मन और शीतलता
डमरू → सृष्टि की आद्य ध्वनि (स्पंदन सिद्धांत)
शिवलिंग → निराकार ब्रह्म का प्रतीक
उपनिषदों में शिव को ब्रह्म का ही एक नाम माना गया है. ईशोपनिषद की भावना के अनुसार , सब कुछ उसी एक चेतना से व्याप्त है. अर्थात शिव कोई बाहरी सत्ता नहीं, बल्कि:“जो भीतर साक्षी है, वही शिव है।”
योग परंपरा में शिव को “आदियोगी” कहा जाता है अर्थात प्रथम योगी. वे ध्यान, समाधि और तंत्र के मूल प्रवर्तक माने जाते हैं.
शिव केवल एक देवता नहीं हैं
वे शून्य भी हैं और पूर्ण भी,
वे विनाश भी हैं और सृजन भी,
वे मौन भी हैं और नाद भी
ॐ नमः शिवाय